दोनों पालियों में 150 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित मतदान कार्मिकों को पांच अक्टूबर को प्रथम पाली में प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी भानुचन्द्र गोस्वामी ने बताया कि शनिवार को प्रात: 10 बजे से अपरान्ह एक बजे तक प्रथम पाली कोड संख्या 2101 से 2625 तक के मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण प्राप्त करना था। 455 मतदान कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। जबकि 70 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में अपराह्न दो बजे से पांच बजे कोड संख्या 2626 से 3150 तक मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाना था। जिसमें 445 मतदान कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्रापत किया। जबकि 80 मतदान कार्मिक प्रशिक्षण से अनुपस्थित पाए गए। सहायक प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक तेज प्रताप मिश्र ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के लिए मतपेटी पर गुलाबी रंग का स्टीकर तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मतपेटी पर नीले रंग का स्टीकर पीठासीन अधिकारी द्वारा लगाया जायेगा। जिला पंचायत सदस्य का मतदान गुलाबी रंग के स्टीकर वाली मतपेटी में तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य का मतदान नीले रंग की मतपेटी में डाला जायेगा। पार्टी रवानगी से लेकर मतदान सम्पन्न कराकर मत पेटिका जमा कराने तक के बारे में विस्तार से जानकारी दिया गया। अंत में पीठासीन अधिकारी की डायरी और सभी मतदान कार्मिकों को परिचय पत्र उपलब्ध कराया गया।