मछलीशहर। कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक और उसके सामान के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जिले के अन्य थानों में भी मुकदमा दर्ज हैं। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ शुक्रवार की शाम बरईपार रोड स्थित ग्राम कौरहा के दुधिया नाला पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बरईपार की तरफ से आ रही बाइक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे। संदेह होने पर पीछा कर दो बाइक पर सवार चार लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम आदर्श यादव निवासी शाहपुर थाना सिकरारा, शुभम खरवार निवासी ग्राम गोनापार थाना सिकरारा, सत्यम यादव निवासी शाहपुर थाना सिकरारा, नितिन यादव निवासी ग्राम ककोहिया थाना सिकरारा का होना बताया। उनके पास से चोरी की तीन बाइक एवं बाइक के पुराने पार्ट्स बरामद हुए। पुलिस सभी का चालान भेज दिया। उधर, बदलापुर पुलिस ने शनिवार को बाइक चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना मिली थी कि बाइक चोरी का आरोपी आलोक मिश्रा निवासी खजुरन कही भागने की फिराक में फत्तूपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप खड़ा है। पुलिस ने घेरे बंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।