जौनपुर। मंगलवार की भोर में आंधी व बारिश से शहर के 22 मुहल्लों में अंधेरा पसर गया। वाजिदपुर तिराहे के पास स्थित तार पर पेड़ और शकरमंडी के पास स्थित विद्युत लाइन पर पर पेड़ की डाल गिरने से आपूर्ति ठप हो गई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनचर्या भी प्रभावित हो गई। साढ़े पांच घंटे बाद बिजली आपूर्ति होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर के वाजिदपुर तिराहे के पास स्थित बिजली तार पर मंगलवार की भोर में साढ़े तीन बजे आई आंधी व बारिश से पेड़ गिर गया। जिससे फीडर नंबर एक की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस दौरान थाना लाइन बाजार, यूपी सिंह कालोनी, वाजिदपुर तिराहा, महिला थाना के पास स्थित मुहल्ले सहित कुल 15 मुहल्लों की बत्ती गुल हो गई। ठीक उसी समय शकरमंडी के पास भी 11 केवी बिजली केबिल पर पेड़ की डाल गिर गई थी। इससे मीरमस्त, शकरमंडी, इमामबाड़ा व मुल्लाह टोला सहित छह मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे सुबह पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हुई और दिनचर्या प्रभावित हुई। पानी के लिए भी लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ा। बिजली विभाग ने साढ़े पांच घंटे बाद नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल की। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
तेज आंधी व बारिश से शहर के वाजिदपुर तिराहे के पास तार पर पेड़ गिर गया था। जबकि शकरमंडी के पास बिजली केबिल पर डाल गिर गई थी। जिससे 21 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसे नौ बजे ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।-नजम अहमद, एक्सईएन तृतीय