शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव नहर की पुलिया के समीप बरातियों की पिटाई से घायल अंडा विक्रेता की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को मंगलवार को बीबीगंज रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार किया।
बडागांव गांव निवासी गोविंद अग्रहरी ने अपने बेटे अनुराग के साथ नहर की पुलिया के पास अंडा की दुकान चलाते थे। शुक्रवार को गांव में ही बरात आई थी। बरातियों ने अंडा लेने के विवाद में दुकान संचालक पिता व पुत्र की लाठी डंडे से पिटाई कर दिया था। इलाज के दौरान गोविंद अग्रहरि की रविवार को मौत हो गई थी। मृतक के बेटे अनुराग की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार की सुबह पुलिस को मुखबिर से पचा चला कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने बीबीगंज रेलवे क्रासिंग के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि पांच आरोपियों सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र के जहरुद्दीनपुर गांव निवासी श्रीपति बिंद, मनीष बिंद, दिलीप बिंद व खेतासराय थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी सत्येंद्र बिंद व आंबेडकर नगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के पीरपुर गांव निवासी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा पंजीकृत कर चालान न्यायालय भेज दिया। अन्य फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापा मार कर तलाश कर रही है।