यूपी के जौनपुर जिले के सतलपुर गांव में छेड़खानी को लेकर बुधवार रात आठ बजे दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद फायरिंग हुई और मड़हे में आग लगाने के साथ बाइक फूंक दी गई। पुलिस फायरिंग को अफवाह बता रही है। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गांव के एक पक्ष का आरोप है कि उनके घर की लड़की के विद्यालय जाने के दौरान रास्ते में कुछ युवक परेशान कर रहे थे। जानकारी होने पर वे वहां पहुंचे और युवकों से उनकी हाथापाई हो गई। इसको लेकर शाम को उनके घर चार बाइकों से कई युवक पहुंचे और गाली गलौज देते हुए महिलाओं और लड़कियों के साथ बदसलूकी की।
इसका विरोध करने पर बाइक सवार युवकों ने कट्टे से फायरिंग की और मड़हे में आग लगा दी। परिजनों के शोर पर गांव वाले जुटे तो वे भाग गए। इस दौरान उनकी बाइक छूट गई जो मड़हे की आग की चपेट में आकर जल गई। जबकि दूसरे पक्ष का आरोप है कि दिन में उनके घर का युवक बाजार जा रहा था।
रास्ते में कुछ लोगों से कहासुनी हुई और उन लोगों ने पिटाई कर दी। उसी को लेकर पूछने उनके घर गए तो दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। उनकी बाइक फूंक दी। मौके पर सीओ सदर नृपेंद्र और पुलिस तैनात है। सीओ ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।