जौनपुर। दीपावली की आतिशबाजी से लगी आग ने कुछ लोगों की जिंदगी में दुश्वारियां पैदा कर दीं। कहीं कूड़े की ढेर में आग लगी तो कहीं रिहायशी मड़हे जल गए। किसी की गृहस्थी का सामान राख हो गया। जिले भर में लाखों रुपये की संपत्ति आग से नष्ट हो गई।
मीरगंज : मछलीशहर ब्लॉक के किशुनदासपुर अनुसूचित बस्ती निवासी छोटेलाल का रिहायशी छप्पर दीपावली की शाम जलने लगा। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास लेकिन छप्पर जलकर राख हो गया। घर में रखा चार बोरा गेंहू, दो बोरा चावल, एक बोरा सरसों, कपड़े व गृहस्थी का सारा सामान राख हो गया। लेखपाल संतोष कुमार गौतम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।
खुटहन क्षेत्र के डिहियां गांव के प्रधान रमाशंकर तिवारी अपने पुराने घर में लगभग 35 क्विंटल भूसा और डेढ़ लाख से अधिक की लकड़ी रखे हुए थे। सोमवार की आधी रात उसमें आग लग गई। आस-पास के लोगों ने हैंडपंप से पानी लेकर आग बुझाया लेकिन भूसा समेत लकड़ी जलकर बरबाद हो गई। हैदरपुर गांव के राम सजीवन यादव के छप्पर में पटाखों से आग लग गई। शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाई। अगलगी में 80 हजार से अधिक के गृहस्थी के सामानों की क्षति का अनुमान है। मछलीशहर नगर के काजी का पूरा मोहल्ले में बच्चे आतिशबाजी कर रहे थे। पटाखे से निकली चिंगारी चंद्रा पुत्री नानक घर में ही दुकान चलाती हैं। पटाखे की चिंगारी से दुकान में गुटखा, सिगरेट, बीड़ी, नल्ली सहित अन्य छोटे मोटे खाने पीने का सामान जल गया। दुकान के बगल खैरुनिशा पत्नी शहजाद की बकरियां भी झुलस गईं।
सिकरारा क्षेत्र के गुलजारगंज बाजार में पटाखे की चिंगारी से कबाड़ में आग लग गई। बाजारवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस दमकल गाड़ी बुलाकर लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।