जौनपुर। आसमान से दिन भर आग बरसती रही। लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर दिया। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया, जो पिछले पांच वर्षों में यह 25 मई का सर्वाधिक तापमान है। इसके पूर्व वर्ष 2017 में 25 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकार्ड किया था, तब न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री से अधिक था। लू के कारण लोगों का बुरा हाल हो गया है। घरों से बाहर निकलने में लोग कतरा रहे हैं।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर भीषण गर्मी के आसार जताए हैं। सोमवार को सुबह नौ बजते-बजते ही धूप असहनीय हो गई थी। छिपते-छिपाते लोग बेहद जरुरी कामों से ही घरों के बाहर निकले। सिर पर टोपी, गमछा, चश्मा आदि पहनने के बाद भी सूरज की किरणें मानों शरीर झुलसाने पर आमादा लग रही थी। दोपहर होते-होते सड़कें सूनी हो गईं। लोगों ने घरों में दुबकने में ही भलाई समझी। शहर में दुकानें खुलने के बाद भी स्थितियां लॉक डाउन जैसी ही नजर आ रही थीं। दुकानों पर ग्राहक नदारद थे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। बेहद जरुरी काम से ही लोग सड़कों पर आवाजाही कर रहे थे। दुकानों के शटर नीचे कर दुकानदार धूप और लू से बचने का जतन करते नजर आए। बीच-बीच में हल्के बादलों के बावजूद सूरज की तपिश कम नहीं हुई। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थ और कूलर, एसी के आगे बैठे रहे।
नौतपा के कारण दो जून तक दिखेगा असर
कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा के मौसम विशेषज्ञ पंकज जायसवाल ने बताया कि 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है, जो दो जून तक रहेगा। इस दौरान सूर्य की किरणें धरती पर सीधी पड़ती हैं, जिस कारण गर्मी चरम पर होगी है। नौतपा के दौरान मौसम में लगातार उथल-पुथल दिखेंगे। गर्मी के साथ लू, धूल भरी आंधी, हल्की बारिश की भी पूरी संभावना है। ऐसे हालात में लोगों को पूरी सावधानी बरतने की जरुरत है। खास तौर से बच्चों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी तरह शरीर में पानी की कमी न होने दें। गमछा, टोपी से शरीर को ढककर रखें। पूरे बांह के ढीले कपड़े ही पहनें।
कूलर-एसी की बढ़ी मांग
गर्मी के चरम पर पहुंचने के साथ ही कूलर, एसी की मांग भी बढ़ गई है। लॉक डाउन के कारण दो माह से इलेक्टानिक्स की दुकानें बंद थी। अब दुकान खुलने के बाद अधिकांश ग्राहक कूलर, एसी, फ्रिज की खरीदारी के लिए ही पहुंच रहे हैं। शहर के गूलर घाट पर अपने हाथों से नया कूलर तैयार करने वाले शहजादे और तीरथ यादव ने बताया कि लॉक डाउन के कारण इस बार ज्यादा काम नहीं मिल पाया था, मगर अब गर्मी बढ़ने के बाद मांग में भी इजाफा हो रहा है।
पांच वर्षों में 25 मई का तापमान
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2020 44 28
2019 41 28
2018 42 27
2017 43 31
2016 38 25
---