मछलीशहर। नगर स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगला परिसर में सोमवार की रात विद्युत तारों से निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई। आग ने परिसर में स्थित पेड़-पौधों को चपेट में लेते हुए विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया।
सोमवार की रात करीब डेढ़ बजे तेज हवा के कारण बिजली के तार आपस में टकराने लगे। तारों से निकली चिंगारी से डाक बंगला परिसर में उगी घासों में आग लग गई। तेज हवा के चलते धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया। परिसर में आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। डाक बंगले में मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने बाहर आकर भीषण आग देखी तो सूचना उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने फायर ब्रिगेड से मदद मांगी। इस बीच नगर पंचायत के टैंकर से पानी मंगाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू हुई। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग का भीषण रूप देख नगर वासी में शुरू से लेकर अंत तक आग बुझाने में सहयोग देते रहे। हालांकि सामान को कोई क्षति नहीं पहुंची।