जौनपुर। शहर के सुतहट्टी मोहल्ले में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बृहस्पतिवार की भोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। बैंक के अंदर से तेज धुंआ निकलने और फायर अलार्म बजने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड के दो वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। अगलगी से बैंक के फर्नीचर, इलेक्ट्रानिक उपकरण सहित अन्य सामान जल गए हैं।
शहर के मध्य सुतहट्टी मोहल्ले में विशाल जायसवाल के मकान में एसबीआई की शाखा है। इसी भवन के ऊपरी तल पर शाखा प्रबंधक नवीन वर्मा का आवास भी है। बुधवार की सुबह करीब 6 बजे बैंक में लगा फायर अलार्म बजने लगा। आसपास के लोगों का ध्यान उस ओर गया तो देखा कि बैंक परिसर से तेज धुआं निकल रहा है। शाखा प्रबंधक को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रबंधक ने सक्रियता दिखाते हुए पहले मेन स्विच से आपूर्ति बंद कर दी। फिर उपकेंद्र से आपूर्ति बंद कराई गई। कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शाखा प्रबंधक के मुताबिक आग से बैंक के अधिकांश फर्नीचर, बिजली वायरिंग, कंप्यूटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए हैं। स्ट्रांग रूम तक पहुंचने से पहले ही आग बुझा ली गई थी। सभी अभिलेख सुरक्षित हैं। उच्चाधिकारियों को इस बारे में सूचना दी गई है। सर्वेयर के आने के बाद ही क्षति का वास्तविक आंकलन हो पाएगा।