सतहारिया। मुंगराबादशाहपुर कस्बे के सिपाह मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालय की रसोई में मंगलवार को करीब 11:10 बजे गैस रिसाव के चलते आग लग गई। विद्यालय की रसोई में आग लगने से अफरातफरी मच गई। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आस पास के लोगों ने बालू, पानी और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाया। कमरे में रखा एमडीएम का खाद्यान्न, पुरानी किताबें. बैग समेत कमरे के दरवाजे भी जल गए। घटना से गुस्साए अभिभावकों ने शिक्षकों का घेराव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया।
सिपाह मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालय गुड़हाई में रसोई के लिए अलग से कोई कक्ष नहीं बना है। विद्यालय के एक कमरे को ही रसोई घर बना दिया गया है। सुबह करीब 11 बजे विद्यालय में तैनात दो महिला रसोइयां खाना बना रही थी। उसी दौरान सिलिंडर के रेगुलेटर के पास से गैस रिसाव के चलते आग लग गई। आग लगते ही महिला रसोइयां शोर मचाते बाहर की तरफ भागी। विद्यालय में अफरातफरी मच गई। बरामदे और दूसरे कमरं में बैठे करीब 50 बच्चों को विद्यालय से दूर कर दिया गया। शोर सुनकर आस पास को लोग जुट गए। लोगों ने बालू, पानी और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाया लेकिन तबतक रसोई वाले कमरे में रखा एमडीएम का खाद्यान्न, बच्चों की पुरानी किताबें और बैग जलकर नष्ट हो गए। विद्यालय में आग लगने की सूचना पर पहुंचे अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक बाबूराम यादव, सहायक अध्यापक रफीक अहमद व सुनील मौर्या का घेराव कर लिया। आरोप लगाया कि शिक्षक सुरक्षा के प्रति सजग होते तो ऐसी घटना न होती। इसी तरह लापरवाह बने रहेंगे तो कभी बड़ा हादसा हो जाएगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। प्राथमिक विद्यालय परिसर में ही राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल भी चलता है । आसपास घनी बस्ती और दूकाने हैं। संयोग था कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ नहीं बड़ा हादसा हो सकता था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी का कहना है कि घटना की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया है। अगर लापरवाही से घटना हुई है तो प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।