खुटहन । थानाक्षेत्र के नुक्कड़ चौराहे के पास पट्टी नरेंद्रपुर मार्ग पर स्थित एक कपड़े की दुकान में शनिवार की रात में आग लग गई। इससे लाखों के कपड़े व अन्य सामान नष्ट हो गए।
खुटहन थाना क्षेत्र के पिलकिछा गांव निवासी शिव शंकर की पट्टी नरेंद्रपुर मार्ग पर नुक्कड़ चौराहे के पास कपड़े की दुकान है।
शनिवार की शाम रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए। इनका भतीजा इंद्रभान दुकान की छत पर बने कमरे में सोया था। आधी रात के आसपास दुकान से धुएं का गुबार उठने लगा। यह देखकर छत पर सोया इंद्रभान शोर करता हुआ नीचे भागा। हिम्मत जुटाकर दुकान का शटर खोला तो आग लगी थी। तब तक भीड़ जुट गई। बाल्टी, डिब्बे की मदद से पानी डाला जाने लगा। करीब आधे घंटे में आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का कपड़ा व अंदर रखे रैक आदि जल गए थे। आग कैसे लगी यह पता नहीं चल सका। उधर, आग की लपटें इतनी तेज थी कि पास में स्थित मिठाई की दुकान में भी लपटें पहुंच गईं। इससे दुकानदार का कुछ नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।