अगलगी की घटनाओं ने किसानों को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार को सिकरारा, केराकत, बक्शा, शाहगंज, मुंगराबादशाहपुर, सरपतहां, बरसठी, गौराबादशाहपुर आदि इलाकों में शार्टशर्किट और अन्य कारणों से लगी आग से कई एकड़ फसल जलकर राख हो गई।
सिकरारा: थाना क्षेत्र के डमरुआ गांव में सोमवार को बिजली के तार से निकली चिंगारी से नौ किसानों की लगभग साढ़े तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। गांव के विनय कुमार राय का एक बीघा, प्रेम कुमार राय का डेढ़ बीघा, निर्भय नारायण का दो बीघा, जगन्नाथ तिवारी का सवा बीघा, हिरामनि तिवारी व लालजी तिवारी का नौ बिस्वा, राजेन्द्र तिवारी व रघुनाथ पाल का पांच बिस्वा, राम जन्म तिवारी का 9 बिस्वा व राम अवतार पाल का एक बिस्वा गेंहू की फसल जलकर राख हो गया।
मुंगराबादशाहपुर/सतहरिया: पवारा विद्युत उपकेंद्र के बगल सोमवार को दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई जिसमें गांव के राजेश दुबे व सुरेश दूबे का दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने ंफायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया।
गौराबादशाहपुर: गौरा गांव की चौहान बस्ती में सोमवार को सुबह अज्ञात कारणों से आग लगने से चार रिहायशी मड़हे जल गए। गांव के लोग किसी तरह आग को बुझाया लेकिन तब तक काफी कुछ जल चुका था। आग की चपेट में आने से एक बकरी व उसके दो बच्चे भी झुलस कर मर गए। गांव निवासी सितई यादव के छप्पर से धुंआ निकलता देख लोगों ने शोर मचाया। जब तक लोग पहुंचते तबतक आग बिज्जू यादव, पंचम चौहान और कुश चौहान के छप्परों में भी पकड़ लिया। सभी छप्पर रिहायशी थे उसमें रखे गेंहू, कपड़ा, बिस्तर सभी जल गए। कुश की एक बकरी व उसके दो बच्चे भी झुलस कर मर गए।
बक्शा: थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में सोमवार को जर्जर विद्युत तार से निकली चिंगारी से 9 परिवारों का करीब 2 एकड़ गेंहू की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर दमकल आने से पूर्व आग पर काबू पा लिया। गांव निवासी महावीर यादव के खेत में विद्युत खम्भा से जर्जर तार गया हुआ है। देखते ही देखते आग ने महाबीर, राधेश्याम यादव, जयकिशुन यादव, राय साहब यादव, गुलाब यादव, सूर्य प्रकाश यादव, राहूल यादव, रोहित यादव एवं समरथ्थी का खड़ी गेंहू की करीब 2 एकड़ फसल राख हो गई।
सुईथाकला: सरपतहां थाना क्षेत्र के सुइथाकलां गांव में आग लगने से गांव निवासी कलाम खां दस विस्वा, मोविन खां दस विस्वा, इसराऊल खां दस विस्वा, सलीम दो बीघा गेहू की फसल ग्यारह हजार वोल्टेज से तेज धूप हल्की हवा के चलते चिनगारी गिरने से आग लग गई।
शाहगंज: क्षेत्र के पक्खनपुर गांव में ट्रान्सफार्मर से निकली चिंगारी ने सोमवार दोपहर खेत में खड़ी फसल को राख कर दिया। गांव के जयहिन्द यादव के खेत के बगल में लगे ट्रान्सफार्मर की खूंटी जलने से निकली चिंगारी में जयहिन्द का दस बिस्वा, राम तीरथ यादव, सुरेन्द्र यादव, कल्पनाथ यादव का एक-एक बीघा व राजनाथ यादव के दो बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल राख हो गई। गांव वालों ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया।
केराकत: शार्ट शर्किट से महादेव गांव के रामजनम यादव का एक बीघा गेंहू जलकर राख हो गया। गांव वालों ने किसी तरह आग बुझाया।
सिंगरामऊ: क्षेत्र के कवेली गांव में शार्टशर्किट से लगी आग से हरिशंकर यादव का 50 बोझ गेंहू जलकर राख हो गया।
बरसठीः क्षेत्र के गोठाव गांव में हाई वोल्टेज तार टूटकर गिरने से लगी आग में गांव निवासी रामचन्द्र पांडेय का सौ बोझ गेहूं एवं सौ बोझ अरहर की फ सल जल कर राख हो गई। गांव वालों की मदद से किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। गांव निवासी रामचन्द्र पांडेय की गेहूं के खेत में गेहूं काटने के बाद बोझ बनाकर रखे थे। वहीं बगल में गोठाव के ही अशोक पांडेय का सौ बोझ अरहर काटकर रखा था। दोनों खेत के ऊपर हाई बोल्टेज की तार था। अचानक तार टूटकर गिर पड़ा जिससे गेहूं के बोझ में आग लग गई। जानकारी होने पर कानूनगो राजेंद्र यादव ने मौके पर लेखपाल भेजकर नुकसान हुई फसल की रिपोर्ट देने को कहा है।