जौनपुर। एसपी आवास के बगल और पुलिस लाइन के सामने स्थित स्थित बेकरी की दुकान में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। बेकरी मालिक जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली का तार जलकर नीचे गिरने के बाद आग लगी। घटना के समय बेकरी में तीन कर्मचारी मौजूद थे। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्लास्टिक का सामान ज्यादा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आरोप है फायर ब्रिगेड के समय से नहीं पहुंचने के कारण नुकसान ज्यादा हुआ। वहीं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरपी राय ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है।