क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सरैया में मंगलवार की सुबह गैस सिलिंडर की पाइप फटने से आग लग गई। इससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि आग लगने से कोई नुकसान नहीं हुआ। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।
सुबह करीब 9:30 बजे उर्मिला, गायत्री और माधुरी बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बना रही थीं। इसी दौरान चूल्हे में लगे गैस सिलिंडर का पाइप फटकर निकल गई। इससे आग की लपटे निकलने लगी। आग की लपटें निकलती देख तीनों रसोइया कमरे से बाहर भाग गई। घटना की जानकारी प्रधानाध्यापक संगीता राय को दिया। शिक्षकों ने सबसे पहले पढ़ाई कर रहे 95 छात्रों को विद्यालय प्रांगण से बाहर निकाला। विद्यालय में आग लगने की सूचना पर ग्रामीण और अभिभावक भी भागकर मौके पर पहुंच गए। गांव के साहसी युवकों ने गैस बंद कर आग पर काबू पाया। खंड शिक्षा अधिकारी धर्मापुर राजेश कुमार वैश्य ने बताया कि रसोई में आग लगने कि सूचना विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संगीता राय से मिली थी। गांव के कुछ साहसी युवकों ने आग पर काबू पा लिया गया। किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं हुई। प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया गया है कि सभी गैस सिलिंडर और चूल्हे को जांचकर मरम्मत करा लें, ताकि भविष्य में कोई घटना न घटे।