सरेरी। क्षेत्र के भानपुर बाजार स्थित मोटर पार्ट्स की दुकान में शुक्रवार की रात आग लगने से करीब दस लाख का सामान जल गया। आग लगने की जानकारी होने पर पीड़ित ने 112 नंबर व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
भानपुर गांव निवासी महेंद्र पटेल पुत्र दयाराम की भानपुर बाजार में नैना ऑटोमोबाइल के नाम से मोटर पार्ट्स की दुकान है। दुकान में टू व्हीलर, फोर व्हीलर व जनरेटर के सभी मोटर पार्ट्स और सभी कंपनियों के मोबिल की बिक्री होती है। रोज की तरह महेंद्र पटेल शुक्रवार की रात दुकान को बंद कर घर चला गया। शनिवार की सुबह पास पड़ोस के लोगों ने उसे फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना दी। दुकान स्वामी ने तत्काल घटना की सूचना फायर ब्रिगेड सहित 112 की पुलिस को दी। कुछ समय पश्चात 112 नंबर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। लोगों के सहयोग से किसी तरह आग काबू पाया। पीड़ित के अनुसार दुकान में रखा पचास हजार नगद समेत लगभग दस लाख के मोटर पार्ट्स व मोबिल जलकर राख हो गए। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। दुकान मालिक ने अज्ञात लोगों के द्वारा दुकान में आग लगाने की तहरीर पुलिस को दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
थानाध्यक्ष सुरेरी प्रियंका सिंह ने बताया कि पंडित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आग लगाने की तहरीर दी है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।