केराकत। केराकत क्षेत्र के मुर्की गांव में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में ग्राम प्रधान समेत कई लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्राम मुर्की निवासी अख्तर अमीन ने आरोप लगाया कि 17 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान सहित कुछ लोग प्राथमिक विद्यालय परिसर में पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि घटना विद्यालय परिसर में लगे कैमरों में कैद हुई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से तनाव चला आ रहा था और आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित ने सुरक्षा की मांग की है। कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान व अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।