बरईपार/सिकरारा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 13 लाभार्थियों के साथ कथित धोखाधड़ी और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में क्षेत्र के मेसर्स ऋषभ इंटरप्राइजेज, विशुनपुर मसीदा के संचालक सुरेश चंद्र यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। यह कार्रवाई यूपीनेडा जौनपुर के परियोजना अधिकारी (प्रभारी) नवनीत कुमार की तहरीर पर सिकरारा थाने में दर्ज की गई है।
परियोजना अधिकारी (प्रभारी) की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक फर्म संचालक विशुनपुर निवासी सुरेश चंद्र यादव ने जनपद के 13 लाभार्थियों से रुपये ले लिए लेकिन, इनमें चार के घर पर सोलर रूफटॉफ नहीं लगाया। नौ लाभार्थियों के सब्सिडी के लिए पोर्टल पर अभिलेख अपलोड नहीं किए। इस पर सुरेश चंद्र यादव के खिलाफ सिकरारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी उपायुक्त मनरेगा नंदलाल ने बताया कि सुरेश चंद्र यादव की मेसर्स ऋषभ इंटरप्राइजेज नाम से फर्म है। इसे ब्लैकलिस्ट करने के लिए भी शासन को पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित फर्म संचालक को अनेकों बार दूरभाष पर प्लांट स्थापन और अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने के लिए निर्देशित किया गया। इसके चलते संबंधित लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लाभार्थियों द्वारा बैंक का ईएमआई भरा जा रहा है। ऐसे में मेसर्स ऋषभ इंटरप्राइजेज द्वारा सरकारी धन का दुरुपयोग और लाभार्थियों के साथ धोखाधडी की जा रही है। सिकरारा प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की।
इन पीडि़तों के यहां नहीं लगा सोलर-गोपालापुर के श्याम बहादुर, राजेश कुमार मौर्या और भुसैला निवासी गुरुदिन ने बैंक से 1.80-1.80 लाख रुपये कर्ज लिए लेकिन इनके यहां सोलर संयंत्र नहीं लगाया गया। इसी तरह पिंडरा निवासी महेंद्र सिंह यादव ने भी बैंक से 2 लाख रुपये लिए। इनके यहां भी सोलर संयंत्र नहीं लगाया गया।
इनके कागजात नहीं हुए अपलोड-बकूची निवासी बच्चू लाल यादव ने 1.89 लाख रुपये का ऋण लिया। इनके यहां सोलर संयंत्र लगाया गया लेकिन पोर्टल पर सब्सिडी के लिए अभिलेख अपलोड नहीं किए गए। इसी तरह छांगापुर निवासी मालती देवी, बांकी निवासी श्रीमती सुशीला सिंह ने 1.80-1.80 लाख रुपये कर्ज लेकर सोलर लगवाया।संबंधित फर्म ने इन लाभार्थियों के सब्सिडी के लिए अभिलेख अपलोड नहीं किया। कौवापार निवासी विनोद विश्वनाथ मौर्या, बिसुनपुर निवासी राजकुमार यादव, बंजारेपुर निवासी डा. रामभुवन जयराम, विसुनपुर निवासी सुरेश चंद्र यादव, नईगंज निवासी माधुरी यादव 2-2 लाख रुपये का कर्ज सोलर लगवाए। संबंधित फर्म ने इनके भी अभिलेख अपलोड नहीं किए।
सोलर लगवाने के लिए सुरेश चंद्र यादव की मेसर्स ऋषभ इंटरप्राइजेज फर्म ने 13 लाभार्थियों से रुपये ले लिए लेकिन, इनमें चार के घर पर सोलर रूफटॉफ नहीं लगाया। नौ लाभार्थियों के सब्सिडी के लिए पोर्टल पर अभिलेख अपलोड नहीं किए। फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के लिए भी शासन को पत्र लिखा गया है।-नंदलाल, प्रभारी उपायुक्त मनरेगा