सुइथाकलां। पारिवारिक रंजिश को लेकर हुए हमले के मामले में सरपतहां पुलिस ने रविवार को सात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी करीम खान ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका बड़ा पुत्र फिरोज खान कई वर्षों से अलग रह रहा है। पट्टीदारी के विवाद को लेकर आए दिन धमकी व गाली-गलौज करता है। 18 नवंबर की रात करीब आठ बजे फिरोज खान अपनी पत्नी रेशमा, पुत्री साबरीन, साली चांदनी, साले फारुख, आरिफ व सरहज हिना के साथ हथियार लेकर घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। करीम खान ने बताया कि फिरोज खान ने कुल्हाड़ी से उसके पुत्र दिलशाद खान पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी सगीरूल निशा को भी चोटें आईं। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ कर एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया और सोने के जेवर भी लूटकर ले गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। बाद में एसपी के हस्तक्षेप पर पुलिस ने आरोपी फिरोज खान, रेशमा, साबरीन, चांदनी, फारुख, हिना व आरिफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।