शाहगंज। फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेज तैयार करके जमीन हड़पने की कोशिश के मामले में डीएम के आदेश पर पुलिस ने एक महिला सहित नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कई बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उसराभादी गांव निवासी वंशराज उर्फ बंसराज ने डीएम को शिकायत पत्र देकर बताया कि जमीन मौजा अहीयापुर में स्थित है। उक्त जमीन पहले अमरनाथ के नाम से बैनामा हुई थी। अमरनाथ की मृत्यु के बाद जमीन उनके दोनों बेटों हिमांशु और हर्षित के नाम दर्ज हो गई। आरोप है कि इसके बाद सुभाष चंद्र गौतम ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन हड़पने की साजिश रची। आरोप लगाया गया कि एक महिला के नाम फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और उसमें उसका पता बदलकर अहीयापुर दर्ज कर दिया गया। जबकि संबंधित खतौनी में महिला का नाम दर्ज नहीं था। शिकायतकर्ता के अनुसार फर्जी आधार कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर साल 2018 में जमीन का बैनामा कराया गया। इसके बाद साल 2025 में भी उसी जमीन का एग्रीमेंट कराने का प्रयास किया गया।
मामले की जानकारी होने पर वंशराज ने पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह लगातार पुलिस को प्रार्थना पत्र देता रहा, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने डीएम सैमुअल पाल एन से शिकायत करके फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेजों की जांच कराने तथा जमीन को बचाने की गुहार लगाई। डीएम के आदेश पर पुलिस ने आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के लाहीडीहा निवासी सुभाष चंद्र गौतम, फूलपुर तहसील क्षेत्र के बरईपुर निवासी राजकुमार, संतकबीर नगर निवासी संगीता, सुरिस गांव निवासी सरफराज अहमद, खुटहन रोड सुरिस निवासी प्रवीण श्रीवास्तव, पुराना चौक निवासी राहुल अग्रहरि, जलालुद्दीन अख्तरी और अलीगंज कस्बा निवासी मोहम्मद कमालुद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।