मुंगराबादशाहपुर। नौकरी का झांसा देकर पैसे वसूल करने के मामले में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई पीड़िता की तहरीर के आधार पर की है। थानाक्षेत्र के मोहल्ला साहबगंज (कस्बा) निवासी पीड़िता सुमन पत्नी कमलेश गुप्ता ने क्षेत्राधिकारी मछलीशहर को प्रार्थनापत्र देकर कहा कि वह गरीब और दिव्यांग है। नगर के गुड़हाई मोहल्ला निवासी राकेश कुमार पुत्र मोहनलाल गुप्ता वर्तमान पता मोहल्ला साहबगंज सिनेमा गली (कस्बा) ने आंगनबाड़ी में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2023 में उससे 31 हजार रुपये लिए थे। जब उसे नौकरी नहीं मिली तो वह रुपये वापस मांगने लगी। उसने पैसे वापस लौटाने का दबाव बनाया तो गत 17 जुलाई 2025 को उसने इकरारनामा नोटरी कर दिया और 30 अक्तूबर 2025 तक पैसे वापस करने का वादा किया लेकिन आज तक पैसे नहीं दिए। वह अपने पैसा मांगने अपने पति कमलेश के साथ जब उसके घर जाती है तो पैसा वापस न करने का बहाना कर राकेश की बेटी प्रांजलि मेरे पति पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देती है। उसके बेटे हरिओम ने मारपीट कर ली। वह कई लोगों से झांसा देकर रुपये ले चुके हैं। पीड़िता की तहरीर प8र क्षेत्राधिकारी मछलीशहर ने थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार, प्रांजलि एवं हरिओम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।