जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के हुसेनाबाद में राजस्व अभिलेख में गलत नाम दर्ज करने के मामले में पुलिस ने तत्कालीन राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों आरोपित वर्तमान में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। मामला साल 2014 का बताया गया है। लेखपाल अरुण कुमार यादव की ओर से थाने में दी गई तहरीर के अनुसार हुसेनाबाद पर हवेली स्थित कायस्थ पाठशाला तथा मुक्तेश्वर प्रसाद के नाम दर्ज था। आरोप है कि तत्कालीन राजस्व निरीक्षक जयसिंह मौर्य और लेखपाल फूलचंद यादव ने कब्जे के आधार पर कायस्थ पाठशाला और मुक्तेश्वर प्रसाद के स्थान पर कमला देवी पत्नी रतन बहादुर सिंह निवासी गजाधर, बदलापुर का नाम दर्ज कर दिया। इस नामांतरण के संबंध में उषा देवी पत्नी हरेंद्र प्रताप सिंह निवासी लकठेपुर, केराकत की ओर से विभिन्न स्तरों पर शिकायत की गई थी। उच्चाधिकारियों से वार्ता और परामर्श के बाद संबंधित राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। लाइन बाजार थानाध्यक्ष केके सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।