जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने सोमवार को सुबह शहर के मछरहट्टा वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गलियों का जायजा लेकर सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेर को दूर करने का निर्देश दिया।
डीएम ने जगह-जगह पर टूटी नाली और गंदा पानी की निकासी का निर्देश दिया। कहा कि सड़क पर गिट्टी, बालू, ईट रखनेे और जानवर बांधने वालो को नोटिस जारी किया जाए।
अधिशासी अभियंता विद्युत विनोद कुमार सिंह को पोल बदलने और ढीले केबल को ठीक कराने का निर्देश दिया। नाली और सड़क पर दूकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
राजा साहब पोखरा मार्ग से रामजी चित्र मंदिर की तरफ जाने वाले मार्ग की इंटरलॉकिंग छह माह में ही खराब हो जाने पर नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका संजय शुक्ला को ठेकेदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अवर अभियंता जल निगम को खराब हैण्डपंप को हटवाने और नाला का प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश
दिया। जिलाधिकारी ने जनता की समस्याओं को भी सुना। प्राथमिक विद्यालय राजाबाजार की जमीन पर भूमाफिया द्वारा अवैध कब्जेकी आज ही जांच कर कार्यवाही एवं अन्य भूमि संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए एसडीएम सदर शिव
सिंह और ईओ नगर पालिका संजय शुक्ला को निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह को निर्देशित किया कि हर हालत में दारू की बिक्री बंद करवाएं, दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई करें।