जलालपुर। थानाक्षेत्र के महिमापुर गांव में बीते शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर आधे घंटे तक जमकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान वाहनों के शीशे तोड़ दिए थे। मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने 31 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जलालपुर थानाध्यक्ष गजानंद चौबे के मुताबिक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार की तहरीर पर 31 नामजद और 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुक्रवार को ट्रक की चपेट में आने से महिमापुर गांव निवासी अमित उर्फ टिंकू (14) थाना जलालपुर की मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान एक रोडवेज बस को तीन तरफ से घेरकर आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर तोड़फोड़ की। बस के यात्री जान बचाने के लिए बस के भीतर ही चीखते चिल्लाते रहे लेकिन उपद्रवी नहीं माने। अन्य वाहनों और दुकानदारों को भी क्षति पहुंची थी। पुलिस ने हाईवे जाम करने, रोडवेज बस तोड़ने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। गाैरतलब है कि घटना के बाद माैके पर कुछ देर के लिए गहमागहमी की स्थिति हो गई थी। उग्र ग्रामीण कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे और जमकर तोड़फोड़ की।