गौराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के भुइली गोदाम बाजार में रविवार को दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक हार्डवेयर की दुकान के मालिक को आतंकित कर पचास हजार रुपये लूट लिए। स्थानीय लोगों की मदद से एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। जबकि लूट का रुपया लेकर पांच अन्य बदमाश फरार हो गए। पुलिस घटना के संदिग्ध मानकर छानबीन में जुटी है।
भदेवरा गांव निवासी सुमित श्रीवास्तव उर्फ सोनू की भूईली गोदाम के पास हार्डवेयर की दुकान है। रविवार को दोपहर बाद तीन बाइक पर सवार छह युवक उनकी दुकान में घुस आए और दुकानदार को मारने पीटने लगे। आसपास के लोगों की भीड़ जुटती देख बदमाश भागने लगे। लोगों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया । उसे पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित दुकानदार सुमित श्रीवास्तव की ओर से थाने में दी गई तहरीर के अनुसार बदमाश असलहे के दम पर पचास हजार रुपए भी लूट लिए। तीन नामजद और तीन अज्ञात के विरुद्ध दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है । पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। एसओ गौराबादशाहपुर रामप्रवेश कुशवाहा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है । लूट की घटना संदिग्ध लग रही है। छानबीन के बाद ही घटना की सच्चाई पता चल सकेगी।