मड़ियाहूं। पुलिस के रात्रि गश्त और सतर्कता के दावों की पोल खोलते हुए चोरों ने बृहस्पतिवार की रात कोतवाली के ठीक सामने स्थित आभूषण की दुकान से लाखों का माल उड़ा दिया। छत के रास्ते घुसे चोर एक लाख नकदी समेत 30 लाख के आभूषण समेट ले गए। भीषण चोरी की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा गया। दोपहर बाद एसपी खुद मौके पर पहुंचे। दुकानदार से पूरे मामले की जानकारी लेेते हुए मातहतों को शीघ्र चोरी का पर्दाफास करने के निर्देश दिए।
कस्बे के मिश्राना मोहल्ला निवासी शिवशंकर सेठ की कोतवाली के ठीक सामने किराए के मकान में आभूषण की दुकान है। रोज की तरह दुकान बंद कर वह अपने आवास पर चले गए। सुबह दुकान खोला तो अंदर की स्थिति देख होश उड़ गए। दुकान में सामान बिखरे थे। तिजोरी टूटी थी और उसमें रखे आभूषण भी गायब थे। दुकान के छत की पटिया काटकर चोर अंदर घुसे थे। सीसी टीवी कैमरे का डीवीआर भी गायब था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। डाग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सुराग जुटाए। दोपहर में एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने मौका मुआयना तो शाम को एसपी राजकरन नय्यर खुद मौके पर पहुंच गए। पूरी जानकारी लेने के बाद कोतवाली पुलिस को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
---
पुलिस की दलील: मेला और चुनाव में गए सिपाही तो क्या करें
- कोतवाली के सामने ही चोरी से लोगों में दहशत
मड़ियाहूं। आभूषण की दुकान में चोरी ने सिर्फ पुलिस के चौकसी के दावों की ही पोल नहीं खोली है, बल्कि लोगों को भी भय में डाल दिया है। सदरगंज मोहल्ला नगर के प्रमुख इलाकों में हहै। यहां आधा दजऱन बैंक, कोतवाली, तहसील, डाकघर मौजूद है। कोतवाुली तिराहा पर पूरी रात हाईमास्क लाइट की रोशनी रहती है। कोतवाीली की सुरक्षा में पहरेदार तैनात होते हैं। बावजूद ठीक सामने दुकान से भीषण चोरी से हर कोई हतप्रभ है। चोरी के बाद पुलिस यह कहती फिर रही है कि कस्बे के सिपाहियों की ड्यूटी मेला व चुनाव में लग गई है। जिस क्षेत्र में चोरी हुई वहां कोतवाली गेट से डाकघर गेट तक दो चौकीदारों बंसधारी व हरिराम की लगी थी। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगरवासी चौकीदारों की देखरेख में है न कि पुलिस की। नगर की सुरक्षा भगवान भरोसे है शाम होते ही दिखावे के रूप में पूरे नगर में सीओ, कोतवाल दरोगा दर्जनभर पुलिसकर्मियों को लेकर भ्रमण कर फोटो खींच कर उच्चाधिकारियों को भेज कर कार्य की इतिश्री कर लेते हैं। उच्चाधिकारी भी मड़ियाहूं पुलिस की ओर से भेजे गए फोटो पर भरोसा कर लेते हैं और मौन साध लेते हैं
----
नकदी समेत पांच लाख की चोरी
रामपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के परानपुर गांव में चोरों ने बृहस्पतिवार की रात घनश्याम यादव के मकान में सेंध काटकर दस हजार रुपये नकदी सहित पांच लाख के गहने उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। तबीयत खराब होने के कारण घनश्याम यादव रोज की भांति दवा खाकर मकान की छत पर सोने चले गए। उनकी बहू एक कमरे में सो रही थी। मकान के पीछे से सेंध काटकर चोर अंदर घुसे। आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा दस हजार रुपये और दो पेटी, दो अटैची, एक बैग ले गए। घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर अटैची व बैग टूटा पड़ा मिला। उसमें रखे जेवरात, कपड़े आदि सामान नदारद थे।