शाहगंज। दुकान पर कब्जा बनाए रखने के लिए फर्जी किराये की रसीद तैयार कर उसे न्यायालय में असली दस्तावेज के तौर पर प्रस्तुत करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह के अनुसार हुसैनगंज निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता और उसके बेटे सिद्धार्थ गुप्ता के खिलाफ दुकान से जुड़े विवाद में पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि प्रदीप को पहले दुकान किराये पर दी गई थी। किराया नहीं देने की स्थिति में किरायेदारी समाप्त किए जाने की शर्त थी। वादी के अनुसार सितंबर 2025 के बाद दुकान के किराये की कोई रसीद जारी नहीं की गई। इसके बावजूद आरोपियों ने फर्जी और कूटरचित किराये की रसीद तैयार कर उसे न्यायालय में वास्तविक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत कर दिया। आरोप है कि दुकान पर कब्जा बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों ने यह कृत्य किया। मामले का विरोध करने पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।