सुइथाकलां। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने से आक्रोशित होकर मंगलवार दोपहर थाने पर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देख पुलिस ने सभी को थाने से हटाया। डीह अशरफाबाद निवासी चंद्रसेन व सुल्तानपुर के करौंदी कला थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी अनिल तथा गौरा टिकरी निवासी शेखर के विरुद्ध भगवान राम आदि के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में ब्राह्मण संगठनों के तीखे विरोध के चलते मुकदमा पंजीकृत किया था। इसके बाद से भीम आर्मी के कार्यकर्ता लगातार अपनी तरफ से भी वादी पक्ष के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किए जाने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस द्वारा जब प्रार्थना पत्र पर कोई रुचि नहीं दिखाई तो मंगलवार को कई भीम आर्मी के कार्यकर्ता थाने पर पहुंचे। प्रदर्शन करने लगे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि कुछ लोग मामले को अनावश्यक तूल देने का प्रयास कर रहे हैं। जिन्हें चिह्नित किया जा रहा है। उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।