बदलापुर। सीएम योगी आदित्यनाथ के आह्वाहन पर प्रदेश की कई प्राचीन नदियों के दिन बहुरने शुरू हो गए हैं। इसी कार्यक्रम के तहत अपना अस्तित्व खो चुकी जिले के किसानों की जीवन रेखा कही जाने वाली प्राचीन पीली नदी भी अब अपने अस्तित्व में आ गई है। नदी किनारे 11 हजार पौधरोपण से सुंदरता में चार चांद लग रहा है। बदलापुर के भाजपा विधायक रमेशचंद्र मिश्र के प्रयास की सीएम योगी ने भी सराहना की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वन रिवर वन डिस्ट्रिक्ट अभियान की पहल की। इस पर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बदलापुर क्षेत्र से होकर बहने वाली नदी को साफ करने की चुनौती स्वीकार की। 11 जून को सिंगरामऊ से नदी के सफाई कार्य की भूमि पूजन कर नदी के पुनरोद्धार का काम शुरू कर दिया। फिर धीरे-धीरे कारवां जुड़ता गया। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र व सीडीओ ध्रुव खड़िया के नेतृत्व में कई विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व समाज सेवियों ने बढ़-चढ़कर नदी के सफाई कार्य में हिस्सा लिया। जिले की सीमा डेहूड़ा से बेलावा गांव तक 35 किमी नदी की साफ-सफाई का काम एक माह के अंदर पूरा कर लिया गया। अब इस अथक प्रयास से फिर पीली नदी अविरल धारा में बहने लगी।
11000 प्रजातियों के 51000 पौधे लगाने का संकल्प
विभिन्न विभागों, पर्यावरण मित्रों द्वारा शाहपुर गांव में पीली नदी किनारे 11000 विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाए जा चुके हैं। विधायक ने रविवार को जब सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर जब यह सारी जानकारी दी तो उन्होंने इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि नदियां हमारी संस्कृति की परिचायक होने के साथ पूजनीय व जीवनदायिनी हैं।
..................................................................
वर्जन ...
पीली नदी की स्थिति देखकर मन में बहुत चिंता थी। सीएम की प्रेरणा से जिलाधिकारी व कई विभागों के सहयोग से कार्य प्रारंभ किया। धीरे-धीरे समाज सेवी व जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेकर पीली नदी को फिर से उसके पुराने स्वरूप में लाया गया है।
-रमेशचंद्र मिश्र, विधायक बदलापुर।