मीरगंज। क्षेत्र के ग्राम पंचायत अदारी डभिया में मंगलवार को विवाद में किसान की मौत हो गई। इसको लेकर परिजनों ने प्रधान और उनके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया। आक्रोशित लोगों ने शव लेकर डेढ़ घंटे तक बंधवा बाजार में जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार और पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया तब जाकर आवागमन बहाल हो सका।
आरोप है कि अदारी डभिया के किसान विशुन पाल (58) का अपने पड़ोसी ग्राम प्रधान चंद्रशेन गिरी से जमीन का विवाद चल रहा था। मंगलवार को जल निगम की ओर से उनकी जमीन पर से होते हुए पाइप लाइन डाली जा रही थी, जिसका विरोध विशुन पाल ने किया। इसी समय ग्राम प्रधान चंद्रशेन गिरी और उनके परिवार के तीन सदस्यों ने विशुन पाल को धक्का दे दिया। गिरने से उन्हें चोट लग गई। परिजन इलाज के लिए मछलीशहर ले जा रहे थे की रास्ते में उनकी मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीण और परिजनों ने शाम चार बजे मछलीशहर से जंघई मार्ग पर बंधवा बाजार तिराहे पर जाम लगा दिया। इससे मछलीशहर-जंघई व बंधवा बाजार-जमालापुर मार्ग पूरी तरह से जाम हो गया। जाम की सूचना मिलने पर नवागत प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक मौके पर पहुंचकर उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इस दौरान बरसठी, पंवारा, मछलीशहर, मुंरादाबादशाहपुर की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। नायब तहसीलदार मछलीशहर महेंद्र कुमार के समझाने पर जाम डेढ़ घंटे बाद समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी शांति देवी ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान चंद्रशेन गिरि समेत तीन अन्य लोग उनके पति को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
इस बाबत ग्राम प्रधान चंद्रशेन गिरि का कहना है कि जल निगम द्वारा पाइप बिछाई जा रही थी। जिसका विरोध विशुन पाल ने किया था लेकिन काम रोककर पुलिस को सूचना दे दी थी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाई थी, इसी से उनकी मौत हार्ट अटैक से हो गई। मामले में वह निर्दोष हैं गांव के लोग उनके विरोधी हैं, उन्हें फंसाना चाहते हैं।