उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में बृहस्पतिवार की रात उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने दो घंटे में मामला शांत कराया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के चितरसारी गांव की 70 वर्षीय सुग्गी देवी की बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे अचानक तबीयत खराब हुई। परिवार के लोग वृद्ध महिला को लेकर रात्रि करीब 11:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक ने इमरजेंसी से इलाज कर मरीज को फीमेल वार्ड भेज दिया।
रात्रि करीब 12:30 बजे अचानक महिला की मौत हो गई। वृद्ध महिला की मौत के बाद परिजनों ने आपा खो दिया और अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। यहां तक की हाथापाई की नौबत तक आ गई। मृतक महिला के परिजनों का बिगड़ा हुआ रूप देखकर चिकित्सक समेत कई अस्पताल के स्टाफ वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने सहयोगी जवानों के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचकर लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत के बाद पुरुषों से ज्यादा वहां महिलाएं दो ट्रैक्टरों पर सवार होकर अस्पताल पहुंच गईं थीं। कोतवाल मिथिलेश मिश्र ने कहा कि तहरीर नहीं मिली है। प्रार्थनापत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।