जौनपुर। चुनाव लड़ने वाले लोगों को नोड्यूज बनवाने के लिए दिक्कत न हो, इसके लिए मंगलवार से ब्लाक मुख्यालयों पर भी नोड्यूज प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध करा दिया गया है, जहां प्रत्याशी जाकर नोड्यूज प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। उनको जिला मुख्यालय आने की जरूरत नहीं है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को जिला पंचायत से किसी प्रकार के बकाए की देनदारी नहीं होने का प्रमाण पत्र लेना है, जिसे उनको नामांकन पत्र के साथ संलग्न करना है, इसके लिए जिला पंचायत कार्यालय में पांच काउंटर बनाए गए हैं, लेकिन नोड्यूज प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रत्याशियों की भारी भीड़ लग रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए मंगलवार से ब्लाक मुख्यालयों पर भी नोड्यूज बनवाने की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है, जिससे अब नोड्यूज बनवाने के लिए प्रत्याशियों की भीड़ जिला मुख्यालय पर नहीं आएगी। वे ब्लाक मुख्यालय से ही नोड्यूज बनवा सकेंगे। तीसरे दिन साढ़े तीन हजार नोड्यूज प्रमाण पत्र बना, जबकि इससे पहले दो दिनों में 1200 नोड्यूज प्रमाण पत्र बना था।