शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि देते अतिथि
क्रांतिकारी शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के 85वें शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को नगर के कोतवाली चौराहे पर शहीद स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। जौनपुर संघर्ष मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रंगारंग देशभक्ति के गीत एवं नाटक मंचन में क्रांतिकारियों की शहादत सुनकर लोगों की आंखें नम हो उठीं।
बतौर मुख्य अतिथि कानपुर के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रभान यादव ने भगत सिंह की फांसी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की अविस्मरणीय घटना बताई। उन्होंने देश में सामाजिक समरसता लाने के लिए भगत सिंह के विचारों को प्रासंगिक बताया। विशिष्ट अतिथि एसडीएम सदर राकेश कुमार पटेल ने कहा कि भगत सिंह को जानने और पढ़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने भगत सिंह को युवाओं का आदर्श बताया। दीवानी बार के मंत्री जय प्रकाश सिंह ने वर्तमान माहौल में भगत सिंह के विचारों को अपनाने और उन्हें अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर फैलाने पर बल दिया। अध्यक्षता कर रहे जौनपुर संघर्ष मोर्चा के प्रमुख सुभाष कुशवाहा ने भगत सिंह को देश के आजादी का हीरो बताया।
उन्होंने भगत सिंह के परिवार को भी नमन करते हुये देश के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीद सुखदेव, राजगुरु एवं लाखों शहीदों एवं उनकी माताओं को नमन करते हुये श्रद्धांजलि अर्पित किया। राजेन्द्र सिंह ने देश भक्ति और गोल्डी मौर्या ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सलमान डांस ग्रुप ने भगत सिंह के पर नाटक मंचन कर दर्शकों की आखें नम कर दीं।
इस अवसर पर टीडी कालेज के पूर्व प्राचार्य अरुण सिंह, डा. एचसी पुरोहित, नवनीत यादव बिट्टू, विमल सिंह, तनवीर अब्बास शास्त्री, आकिल जौनपुरी, कैप्टन टीएन सिंह आदि मौजूद रहे। सतवंत सिंंह ने सभी के प्रति आभार जताया। संचालन महेंद्र कुमार ने किया।