जौनपुर। आईजी रेंज वाराणसी एसके भगत ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने महराजगंज में हुई लूट और सरपतहा थाना क्षेत्र में हुई युवती की हत्या की घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश संबंधित सर्किल के सीओ और एसओ को दिए। जिले में पंचायत चुनाव सकुशल सम्पन्न कराने के लिए उन्होंने एसपी राजकरन नय्यर और उनकी टीम को शाबासी भी दी।
पुलिस अफसरों के साथ बैठक में आईजी ने सर्किल वार कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मुकदमों के निस्तारण की स्थिति, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जानकारी ली। इस दौरान हाल ही में महराजगंज थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना और सरपतहा थाना क्षेत्र के जमदरा गांव में रविवार की रात घर में सो रही युवती की गला रेतकर हुई हत्या की घटना में आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना कर्फ्यू के लिए सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसपी राजकरन नय्यर, एएसपी सिटी, एएसपी ग्रामीण और सभी सर्किल के सीओ व थानेदार मौजूद थे।
----
तीसरी लहर के लिए अच्छे से करें तैयारी
जौनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल और आईजी रेंज एसके भगत ने मंगलवार की रात कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में व्यवस्था और आने वाली शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज से सरकारी कोविड-19 अस्पतालों की व्यवस्था का जायजा लिया।
जनसुनवाई कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर जनपद में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी अच्छे से कर लें। आवश्यकता पड़ने पर बच्चों के डॉक्टरों को बीएचयू में ट्रेनिंग करने के लिए भेजें। अभियान चलाकर स्वच्छता, सेनेटाइजेशन के कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से नीचे गिर रहा है, इसे बनाए रखें। बैठक में एसपी राजकरन नय्यर, सीडीओ अनुपम शुक्ला, एडीएम भू-राजस्व राजकुमार द्विवेदी आदि मौजूद रहे।