परिषदीय स्कूलों में बुधवार को उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र पहुंचने के साथ ही लिखित परीक्षाएं शुरू हो गईं। जिले के 2807 प्राथमिक विद्यालयों में करीब 5.15 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। कापी और पेपर समय से नहीं पहुंचने के कारण परीक्षाएं एक दिन विलंब से शुरू हो रही हैं। परीक्षाएं दो पालियों में सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली में 12.30 बजे से 2.30 बजे कराई गई। बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल ने कई केंद्रों पर चल रही परीक्षा का निरीक्षण किया। बुधवार को पहली पाली में सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक कक्षा तीन के हिंदी विषय की परीक्षा कराई गई। इसी पाली में कक्षा 4 से 8 तक के छात्रों का हमारा परिवेश की परीक्षा हुई। जबकि दूसरी पाली में 12.30 बजे से 2.30 बजे तक कक्षा तीन से लेकर कक्षा 8 तक के अंग्रेजी विषय की परीक्षा कराई गई। परीक्षा को लेकर छात्रों में काफी उत्साह रहा। सुबह सभी विद्यालयों में 8.30 बजे से ही छात्र पहुंचने लगे थे। विद्यालयों में सीटिंग प्लान लगाकर बच्चों को बैठाया गया। सबसे पहले छात्रों को उत्तर पुस्तिकाएं दी गई। कॉपी में अपना नाम, कक्षा, विषय आदि भरवाने के बाद छात्रों को प्रश्न पत्र दिया गया। छात्रों ने तय समय में प्रश्न पत्र में आए सवाल का जवाब लिखा। इसी प्रकार दूसरी पाली में कक्षा दो से 8 तक के छात्रों के अंग्रेजी विषय की परीक्षा कराई गई। बीएसए डा. गोरखनाख पटेल ने बताया कि परीषदीय विद्यालयों में छात्रों की लिखित परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहली पाली हिंदी और हमारा परिवेश और दूसरी पाली में कक्षा दो से 8 तक के छात्रों के अंग्रेजी विषय की परीक्षा कराई गईं।