पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीएड तृतीय सेमेस्टर के छात्रों का रिजल्ट अभी तक घोषित नहीं हो पाया है। इससे चौथे सेमेस्टर की परीक्षा समय से हो पाना संभव नहीं है। कोविड संक्रमण और रिजल्ट को लेकर छात्रों की चिंता बढ़ रही है। शासन ने विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया है कि हर हाल में 15 अगस्त तक अंतिम वर्ष या सेमेस्टर की परीक्षाएं कराकर 31 अगस्त तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाए।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं मार्च महीने में ही समाप्त हो गई थीं। कोरोना के केस बढ़ने की वजह से मूल्यांकन स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद जून महीने के अंत तक मूल्यांकन कराया गया है। मूल्यांकन के बाद भी अब तक रिजल्ट घोषित नहीं किया जा सका है। अजय चौहान, प्रियांशु यादव, विनय पांडेय, संजीव कुमार, जयप्रकाश, दिनेश आदि छात्रों ने बताया कि तीसरे सेमेस्टर का परिणाम जल्द घोषित करने और चौथे सेमेस्टर की समय से कक्षाएं कराने के लिए कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। विश्वविद्यालय की लापरवाही से बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों का भविष्य अधर में है। छात्रों ने तीसरे सेमेस्टर का रिजल्ट जल्द घोषित कर शासन के निर्देशों के अनुरूप 15 अगस्त तक अंतिम सेमेस्टर का पेपर कराकर 31 तक रिजल्ट देने की मांग की है। इस संबंध परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह का कहना है कि रिजल्ट शीर्ष ही घोषित कर दिया जाएगा।