जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध गाजीपुर और जौनपुर जिलों के महाविद्यालयों के सेमेस्टर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मई से शुरू कराने की तैयारी है। परीक्षकों को पत्र जारी किया जा रहा है। कोडिंग के बाद मूल्यांकन केंद्र पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच रही हैं। जौनपुर और गाजीपुर जनपद के करीब 604 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इन महाविद्यालयों की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। जिन विषयों की परीक्षाएं शुरुआती दौर में खत्म हो चुकी हैं, उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की कोडिंग कराई जा रही है। कोडिंग कराने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन केंद्र पर भेजा जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह का कहना है मूल्यांकन की तैयारी पूरी हो चुकी है। मूल्यांकन के लिए परीक्षकों को पत्र जारी किया जा रहा है। 16 मई से मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। उधर, महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षा के साथ ही प्रायोगिक परीक्षाएं भी चल रही हैं। परीक्षा के बीच खाली समय में प्रायोगिक परीक्षाएं भी कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सेमेस्टर परीक्षा समय से खत्म कराने के साथ ही मूल्यांकन पूरा कर रिजल्ट समय से जारी करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी महाविद्यालय समय से प्रायोगिक परीक्षाएं खत्म करा लें ताकि मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद रिजल्ट समय से तैयार करा लिया जाए।