जौनपुर। दो दशक पुराने खाद्यान्न घोटाले में ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने केराकत थाना क्षेत्र के घुरहूपुर गांव निवासी तत्कालीन कोटेदार रमेश चंद्र तिवारी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
वर्ष 2004-05 में संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत मुफ्तीगंज ब्लॉक के विभिन्न गांवों में नाली, खड़ंजा, पटरी मरम्मत, सीसी रोड व पुलिया का निर्माण प्रस्तावित था। मजदूरों को मेहनताने की जगह चावल दिया जाना था, लेकिन जांच में सामने आया कि फर्जी मस्टर रोल तैयार कर खाद्यान्न की कालाबाजारी कर दी गई। इस मामले में तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष, एक अवर अभियंता और कोटेदार की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो चुका है, जबकि अवर अभियंता की गिरफ्तारी अब भी लंबित है। ईओडब्ल्यू की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक आरोपी रमेश चंद्र तिवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार कोटेदार को वाराणसी स्थित भ्रष्टाचार निवारण अदालत में पेश किया गया।