मुंगराबादशाहपुर। अतिक्रमण हटवाते नगरपालिका के अधिकारी कर्मचारी। संवाद
मुंगराबादशाहपुर। नगर पालिका परिषद ने शनिवार को नगर के मुख्य तिराहे और बाजार क्षेत्र में फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया। अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में पालिका टीम ने सड़क किनारे और फुटपाथ पर दुकान का सामान, ठेले और बैनर-पोस्टर रखकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
अभियान के दौरान ईओ अखिलेश तिवारी ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि फुटपाथ आम राहगीरों के चलने के लिए बनाए गए हैं। इस पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। ईओ ने कहा कि फुटपाथ पर दुकानदारी होने से पैदल चलने वाले लोगों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है। ग्राहक भी सड़क पर खड़े होकर सामान खरीदते हैं, इससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। यह न सिर्फ जाम की स्थिति पैदा हो रही है बल्कि राहगीरों की जान के लिए भी खतरा बन रहा है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। अधिशासी अधिकारी ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और फुटपाथ पर कोई भी सामान न रखें। पालिका का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं है, बल्कि नगर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है।