बदलापुर-कलीचाबाद मार्ग स्थित सड़क पर गिराई गली बालू। संवाद
जौनपुर। पटरी पर अतिक्रमण करने पर नगर पालिका संबंधित दुकानदार पर पांच रुपये से लेकर 100 रुपये तक जुर्माना हर दिन लगा सकती है। हालांकि, बीते महीने से किसी भी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई हुई नहीं है। मंगलवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने कई ऐसे स्पॉटों को देखा जहां पटरी पर गिट्टी-मोरंग और ईंट रखकर कब्जा किया गया था। इस रास्ते से नगर पालिका और जिला प्रशासन के भी अधिकारी हर दिन आते-जाते हैं, लेकिन कब्जा करने वालों को टोकते नहीं हैं। इससे दुर्घटनाएं होने की भी संभावना है। कारण कि पटरी पर कब्जा होने से सड़कें सिकुड़ गई हैं। हवा चलने पर उड़ती है धूल: रास्ते से गुजर रहे गुलाब चंद्र यादव, सुरेश तिवारी, संतोष तिवारी, राहुल सिंह, संदीप यादव आदि का कहना है कि तेज हवा चलने पर बालू के महीन कण उड़ते हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है। कई जगह पटरियां नहीं होने से राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है। वहीं, सड़क संकरी होने से आमने-सामने आने वाले वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। कभी-कभी जाम की स्थिति बन जाती है। नियम तो है पर लेकिन कार्रवाई नहीं होती: नगर पालिका के नियमों में सार्वजनिक सड़क या पटरी पर निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ जुर्माने का प्रावधान है।