जौनपुर। बॉलीवुड सितारों की चमक-दमक शुक्रवार को जौनपुर में देखने को मिलेगी। फिल्म गनमास्टर जी-9 के प्रमोशन के सिलसिले में अभिनेता इमरान हाशमी, अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना जिले में पहुंचेंगे। मो. हसन पीजी कॉलेज के मैदान में दोपहर 12:30 बजे ग्रैंड स्टार्स मीटअप का आयोजन किया गया है। इसमें कलाकार प्रशंसकों से रू-ब-रू होंगे और फिल्म से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे। पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बॉलीवुड सितारों के जौनपुर आने की खबर से युवाओं में खासा उत्साह है। प्रशंसक अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए बेताब हैं। आयोजकों को कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ ही आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों से बातचीत और सेल्फी का भी मौका मिलेगा। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी फिल्म ‘गनमास्टर जी-9’ के निर्माता दीपक मुकुट हैं। फिल्म में एक्शन और थ्रिलर देखने को मिलेगा। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कार्यक्रम के आयोजक और फिल्म में सह-कलाकार पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने प्रशंसकों से समय से पहुंचने और कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।