जौनपुर। बक्शा क्षेत्र के केवटली गांव की बिमला देवी कनेक्शन के लिए आवेदन जमा करने के बाद तीन साल से घर में बिजली का तार पहुंचने का इंतजार कर रही हैं। उनके घर में बिजली का तार तो नहीं पहुंचा लेकिन 62 हजार का भारी भरकम बिजली का बिल जरूर पहुंच गया। बिजली का बिल मिलते ही विमला देवी और परिवार के लोग हैरान रह गए। इस गांव में यह समस्या अकेले विमला देवी की नहीं है। गांव के करीब 50 से घरों में बिजली का कनेक्शन होने से पहले बिल पहुंच गया है। जिससे लोग परेशान हैं।
सौभाग्य योजना के तहत ग्राम पंचायत केवटली में तीन साल पहले पोल गाड़कर उसपर तार भी दौड़ा दिया गया है ले किन ट्रांसफार्मर से अभी कनेक्शन नहीं हुआ। कनेक्शन से पहले गांव के मनोज कुमार, महेंद्र कुमार, जिला यादव, शांता राम, जवाहर बिंद, मनोज कुमार समेत 50 से अधिक लोगों के घरों पर बिजली का बिल भेज दिया गया है।
दस से अधिक परिवार ऐसे हैं जिनके घर में पति पत्नी दोनों के नाम से कनेक्शन कर दिया गया है और दोनों के नाम से बिल भी भेजी जा रही है। पीड़ितों की ओर से स्थानीय विद्युत उप केंद्र पर कर्मचारियों से शिकायत की गई लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। शिकायत करने वालों से कहा गया कि यह गड़बड़ी ऊपर से हुई है इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करें तभी कोई राहत मिल सकती है। इस संबंध में एक्सईएन अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि ऐसी किसी समस्या की जानकारी नहीं है। अगर शिकायत मिली तो जांच कर कार्यवाही की जाएगी।