जौनपुर। मड़ियाहूं से अपना दल एस के विधायक डा. आरके पटेल ने तहसील क्षेत्र के औरेला में 33/11 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र बनने के लिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को प्रस्ताव भेजा है। इसके निर्माण से न सिर्फ ओवरलोडिंग, शटडाउन व ब्रेकडाउन की समस्या बल्कि क्षेत्र में होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। इस उपकेंद्र के बनने में 8 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे करीब 50 गांव की 3 लाख की आबादी लाभान्वित होगी। विधायक ने ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया है कि विधानसभा क्षेत्र के मोकलपुर, सुदनीपुर क्षेत्र पावर हाउस से बहुत अधिक दूर हैं। इस कारण लो वोल्टेज एवं बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है। इससे बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके लिए विद्युत उपकेंद्र बनवाने के लिए आम जनता द्वारा वर्षों से मांग की जा रही है। इस विद्युत उपकेंद्र से रजमलपुर, बदौआं, पाली, मोकलपुर, अहिरौली व कुंभ समेत 50 गांवों को बिजली आपूर्ति होगी। इस उपकेंद्र का प्रस्ताव जैसे ही स्वीकृत होगा इस पर काम शुरू हो जाएगा। बिजली निगम द्वारा औरैला में 1600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसे जल्द ही प्रशासन द्वारा उपलब्ध करा दिया जाएगा। बिजली फीडरों पर बढ़ रहे अतिरिक्त भार से निजात मिलेगी और क्षेत्र को अंधेरे से छुटकारा मिलेगा। अघोषित बिजली कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या से आम जनमानस को जल्दी ही छुटकारा मिलने वाला है। इससे किसान अपनी फसलों की सिंचाई समय से कर सकेंगे जिससे उनके जीवन में खुशहाली आएगी और फसलों का उत्पादन बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त आए दिन भीषण गर्मी में फुंक रहे ट्रांसफार्मर में कमी आएगी।
जनता की लंबे समय से औरैला में विद्युत उपकेंद्र बनाने की मांग थी। इसके लिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही जनता की उम्मीदें पूरी होने वाली हैं। इससे किसान, व्यापारी समेत सभी वर्गों के लोगों को लाभ मिलेगा। - डा. आरके पटेल विधायक मडियाहूं।