क्षेत्र में रविवार को दोपहर से सोमवार सुबह नौ बजे तक कुल 21 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। सोमवार को सुबह 10 बजे के बाद उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति शुरू हुई, जिससे जनता ने राहत की सांस ली।
बिजली उपकेंद्र से रविवार को दोपहर बाद मेन लाइन में फाॅल्ट के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इससे लोगों को मोबाइल चार्जिंग, पानी की आपूर्ति जैसी समस्या झेलनी पड़ी। काफी देर तक आपूर्ति बाधित रहने से बिजली आने पर ओवरलोडिंग से कुछ फीडर ट्रिप कर गए। आलम यह रहा कि दोपहर और शाम तो जैसे-तैसे बिजली के इंतजार में बीत गए, लेकिन रात की नींद हराम हो गई। गर्मी के बीच मच्छरों ने सोने नहीं दिया। एसडीओ एसपी पटेल ने बताया कि आनापुर के ताल में इंसुलेटर से तार नीचे आ गया था, जिसके कारण समस्या आ गई थी। 33 हजार केवी मेन लाइन में कहीं फाॅल्ट था, जिसे ठीक करवा दिया गया है। हद तो यह हुई कि 33 केवी लाइन ब्रेक होने के बाद सिकरारा फीडर से भी आपूर्ति ठप हो गई। यह फॉल्ट दिन में हुआ। बिजली कर्मचारी पूरे दिन फॉल्ट ढूंढते रहे, लेकिन नाकाम रहे। इससे 24 घंटे की बिजली आपूर्ति शेड्यूल बेमानी साबित हुआ।