डोभी में गेहूं फसल के ऊपर से गुजरा तार। संवाद
जौनपुर। गेहूं की फसल सुनहरी होकर पकने की कगार पर है लेकिन किसानों के चेहरे पर खुशी के बजाय चिंता की लकीरें हैं। इसकी वजह खेतों के ऊपर झूलते बिजली के जर्जर और हाईटेंशन तार हैं। मछलीशहर, सिकरारा, बदलापुर और डोभी समेत जिले के तमाम इलाकों में ये ढीले तार किसी भी वक्त बड़ी अनहोनी को दावत दे रहे हैं। हवा का झोंका और चिंगारी का डर: फागुन-चैत्र की दोपहर में चलने वाली तेज हवाओं से ये तार आपस में टकराते हैं, जिससे निकलने वाली चिंगारी खड़ी फसल को राख में बदल सकती है। मछलीशहर के छाछो गांव में सुरेंद्र शुक्ला और सुनील बिंद के खेतों में तार महज तीन फीट की ऊंचाई पर लटक रहे हैं। किसानों का कहना है कि वे दिन-रात खेतों की रखवाली कर रहे हैं ताकि कोई अनहोनी न हो जाए।
विभाग की लापरवाही पड़ सकती है भारी : बदलापुर के शाहपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह और रोहित तिवारी ने बताया कि कई बार बिजली विभाग से गुहार लगाई गई लेकिन जर्जर तारों को न बदला गया और न ही उन्हें दुरुस्त किया गया। पिछले साल भी जिले में कई बीघे फसल इन्हीं तारों की भेंट चढ़ गई थी। अब किसान प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि कटाई से पहले इन तारों को कसवाया जाए, वरना उनकी साल भर की मेहनत मिट्टी (राख) में मिल जाएगी।