केराकत। बस स्टैंड स्थित डेंटल क्लीनिक के पास मंगलवार करे दोपहर में संदिग्ध परिस्थितियों में विद्युत निगम में श्रमिक 55 वर्षीय अवधेश प्रसाद की मौत हो गई। मूलत: खेतापुर माड़ियाहूं निवासी अवधेश प्रसाद विद्युत उपखंड कार्यालय में श्रमिक थे। वे दो दिन पूर्व छुट्टी लेकर घर गए थे। किसी कार्यवश केराकत आए थे। इसी दौरान भीषण गर्मी में अचानक तबीयत बिगड़ी और बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। विभागीय कर्मियों द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में पूछे जाने पर कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार राय ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।