बरईपार। स्थानीय बाजार में बिजली पिछले 24 घंटे से नहीं थी, आज सुबह जब बिजली कर्मियों द्वारा बिजली को दुरुस्त किया गया तो उसके आधे घंटे बाद से ही लो वोल्टेज की समस्या आ गई और एक फेस में लाइन नहीं आ रही है। मछलीशहर पाॅवर स्टेशन से बरईपार फीडर में लो वोल्टेज की समस्या चल रही है। दर्जनों गांव इस सब स्टेशन से जुड़े हैं। सकरा, रामपुर, जीरकपुर, चोरहा आदि गांव के साथ बरईपार कस्बा भी इसी में जुड़ा है। बाजार निवासी दिनेश यादव, सुनील कुमार पांडेय, नन्हेंलाल, रत्नेश कुमार जायसवाल, राजेश कुमार यादव ने बताया कि 24 घंटे से बिजली नहीं थी जैसे ही बिजली बनी उसके तुरंत 10 मिनट बाद एक फेस गायब हो गया और लो वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई, जिसकी वजह से पूरे बाजार में त्राहिमाम मचा हुआ है। गर्मी से लोग बेहाल हैं और सबमर्सिबल पंप नहीं चल पाने की वजह से पीने के पानी की किल्लत हो रही है। इस बाबत एसडीओ मछलीशहर मार्कंडेय ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या को जल्दी दूर कर लिया जाएगा। जिस फेस में लाइन नहीं पहुंच रही है उसको ठीक किया जा रहा है।
बिजली का खंभा टूटने से आपूर्ति ठप-बदलापुर। बक्खोपुर गांव में तीन दिन पहले आई आधी से एक बिजली का खंभा टूट गया। इसके चलते लगभग 100 घरों की आपूर्ति ठप हो गई है। सूचना के बावजूद विभाग मौन है। बिजली नहीं मिलने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। सबसे बड़ी समस्या पेयजल की हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन दिन से सूचना दी गई है, लेकिन विभाग की तरफ से आपूर्ति बहाल करने की व्यवस्था नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो हम सभी विरोध प्रदर्शन को बाध्य होंगे। एसडीओ कौशल कुमार ने बताया कि जेई से बात कर शीघ्र आपूर्ति बहाल की जाएगी।