बदलापुर। बदलापुर में बहुप्रतिक्षित रामनगर के नौरंगाबाद विद्युत सब स्टेशन के निर्माण कार्य के लिए बुधवार को विधायक रमेशचंद्र मिश्रा ने भूमि पूजन किया। नौरंगाबाद में 7 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से रामनगर विद्युत सब स्टेशन का निर्माण होगा। इससे इन क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या दूर हो जाएगी। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि धर्म ही नहीं कर्तव्य भी है कि मैं आमजनों की चिंता करते हुए उनकी समस्याओं के साथ-साथ उनकी मांगों को पूरा कर सकूं। कहा कि मेरा सपना है कि हमारा बदलापुर मॉडल विधानसभा बने। मैं अपने कार्यकाल में बदलापुर में कोई भी विकास कार्य छोडूंगा नहीं। इस मौके पर भूमिपूजन विधि-विधान के साथ किया गया।
.........................
इन गांवों को मिलेगा लाभ
सब स्टेशन के निर्माण से रामनगर, कृष्णापुर, राउतपुर, कम्मरपुर, मेढ़ा, डडारी, जमऊपट्टी, अर्जुनपुर, फिरोजपुर, नौरंगाबाद, गजेंद्रपुर, रतासी, गौरा, दुधौडा, तुलापुर समेत इस क्षेत्र के 25 ग्राम सभाओं का लाभ मिलेगा। इस मौके पर एक्सिएन गंगा प्रसाद सिंह, सिकंदर मौर्य, राम सिंह, दिव्यप्रकाश सिंह, संदीप पाठक आदि उपस्थित रहे।