जौनपुर। पंचायत चुनाव में नामांकन के दूसरे दिन उम्मीदवारों ने भरपूर जोश दिखाया। पाबंदियों के बावजूद कई उम्मीदवार लाव-लश्कर के साथ नामांकन स्थल पर पहुंचे। रविवार को जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन के लिए भीड़ रही तो ब्लाकों में प्रधान, बीडीसी सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर नामांकन के लिए भीड़ पहले दिन की अपेक्षा कम रही। कई ब्लाकों में पांच बजते ही सन्नाटा पसर गया तो कुछ स्थानों पर इसके बाद भी प्रत्याशी नामांकन के लिए डटे रहे। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार से नामांकन पत्रों की जांच होगी।
पहले चरण में 15 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नामांकन शनिवार व रविवार को होना था। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए 17 हजार से भी अधिक लोगों ने नामांकन पत्र जमा किया था। रविवार को भी सुबह से ही नामांकन स्थलों पर भीड़ बनी रही। प्रधान व बीडीसी सदस्य पदों के लिए उम्मीदवारों ने अपने प्रस्तावकों के साथ पहुंचकर नामांकन की औपचारिकता पूरी कराई। सभी 21 ब्लाकों में न्याय पंचायत स्तर पर बने काउंटर पर नामांकन कराने के लिए दावेदारों की कतार लगी रही। सभी ने अपने लिए शुभ मूहुर्त देखकर नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। पुलिस-प्रशासन के अफसर लगातार नामांकन स्थलों पर चक्रमण कर जरुरी दिशा निर्देश देते रहे।
उधर, जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलेक्ट्रेट में प्रत्याशियों का हुजूम उमड़ा रहा। अंतिम दिन होने के कारण हर कोई अपना नामांकन समय से जमा करने के लिए परेशान दिखा। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ नामांकन का क्रम शाम पांच बजे तक जारी रहा। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित कोर्ट संख्या 11 से 17 तक बने काउंटरों पर लंबी कतार लगी रही। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 26 बक्शा से मॉडल दीक्षा सिंह ने नामांकन किया तो सुईथाकला ब्लाक के वार्ड संख्या 14 से प्रमुख व्यवसाई आईबी सिंह की पत्नी शीला सिंह ने नामांकन पत्र जमा किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कमला सिंह ने सुईथाकला, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव की पत्नी राजकुमारी देवी ने सिकरारा, पूनम सिंह ने वार्ड संख्या 71 धर्मापुर से नामांकन किया।
भाजपाइयों ने समूह में पहुंचकर किया नामांकन
जौनपुर। पहली बार पंचायत चुनाव में प्रत्यक्ष रुप से हिस्सा ले रही भाजपा के सभी 83 उम्मीदवारों ने रविवार को एक साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन किया। इस दौरान उनके साथ जौनपुर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, मछलीशहर जिलाध्यक्ष रामविलास पाल, राज्य सभा सांसद सीमा द्विवेदी, पूर्व सांसद केपी सिंह, पूर्व अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह, ब्रह्मदेव मिश्रा, अशोक श्रीवास्तव, जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंघानिया, पंकज मिश्रा, धनंजय सिंह, भूपेंद्र सिंह, केराकत विधायक दिनेश चौधरी, राजेंद्र श्रीवास्तव, राकेश शुक्ला, सुरेश गुप्ता, अवधेश यादव, रामसिंह मौर्या, उमाशंकर सिंह, संदीप सरोज, श्रीकृष्ण पांडेय, भूपेंद्र पांडेय, आमोद सिंह, विनीत शुक्ला, गौतम मिश्रा गोलू आदि रहे। उधर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ अनुराग मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजेश अस्थाना, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह मुन्ना, चुनाव प्रभारी सोम कुमार वर्मा, अमरनाथ विश्वकर्मा, जिला सचिव डॉ अमित श्रीवास्तव, अनुराग मणि त्रिपाठी, आलोक राजभर, मोहम्मद जैदी आदि रहे।
कोविड-19 बचाव मानकों की उड़ी धज्जियां
जौनपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बावजूद जिले के सभी नामांकन स्थलों पर कोविड-19 के बचाव मानकों की धज्जियां उड़ती रहीं। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन को पहुंचने वाले तमाम उम्मीदवार, प्रस्तावक और समर्थक बिना मास्क के ही घूम रहे थे। समर्थकों की भीड़ में दो गज की दूरी का मानक भी दरकिनार था। सभी काउंटर पर लगी कतार में भी लोग एक-दूसरे से चिपके हुए थे। नामांकन के लिए अंदर जाने वालों को तो जबरन मास्क लगाने की हिदायत दी जाती रही, लेकिन परिसर में बिना मास्क घूम रहे अन्य लोग बेपरवाह रहे। यहां तक की तमाम पुलिसकर्मी भी बिना मास्क के ही ड्यूटी देते रहे।
ढाई फीट की महिला ने भरा जिला पंचायत सदस्य का पर्चा
जौनपुर। जिला पंचायत सदस्य पद पर रविवार को वार्ड संख्या 22 बदलापुर से अनीता शर्मा ने नामांकन किया। महज ढाई फीट की अनीता नामांकन प्रक्रिया खत्म होने से ठीक एक मिनट पहले 4.59 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचीं। सुरक्षा जांच के बाद सीधे नामांकन कक्ष में पहुंच गईं। उन्होंने एक सेट में अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ पति सुरेश भी मौजूद रहे।