शाहगंज---- इसी गड्ढे में गिरने से हुई है वृद्ध की मौत। संवाद
- फोटो : Samvad
शाहगंज। परासिन गांव में रविवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। बीमार चचेरे बड़े भाई का हालचाल लेकर लौट रहे छोटे भाई की रास्ते में पार्क के नाम पर खोदे गए एक गहरे गड्ढे में सिर के बल गिरने से मौत हो गई।
देर रात जब इस हादसे की खबर बीमार बड़े भाई को मिली, तो उन्हें ऐसा गहरा सदमा लगा कि उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में कुछ घंटों के भीतर दो भाइयों के निधन से परिजनों में कोहराम मच गया।
परासिन गांव के ग्राम प्रधान कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि गांव के निवासी राम नारायण प्रजापति (70 वर्ष) रविवार शाम को अपने चचेरे बड़े भाई राम दवर (85 वर्ष) का हालचाल लेने उनके घर गए थे। राम दवर लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। परिजनों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे उनसे मिलकर लौटते समय राम नारायण गांव के पास ही स्थित एक गहरे और दलदल भरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर गिर गए। सिर के बल गिरने के कारण वे दलदल से बाहर नहीं निकल पाए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक जब वे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव गड्ढे में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
उधर, देर रात जब राम नारायण की मौत की खबर बीमार बड़े भाई राम दवर तक पहुंची, तो वो सहन नहीं कर सके। परिजनों के मुताबिक, छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही राम दवर गहरे सदमे में चले गए और उन्हें दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ गया।
जब तक उपचार की व्यवस्था की जाती, उससे पहले ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर ने बताया कि घटना की जानकारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर िधिक कार्रवाई की जा रही है।