सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मिल्कोपुर गांव में गुरुवार की शाम मारपीट के दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
मिल्कोपुर गांव निवासी मुर्तजा (65) की पड़ोसी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान मुर्तजा जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनकी मौत के बदा दूसरे पक्ष के लोग वहां से भाग खड़े हुए। मृतक के परिजनों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मुर्तजा के बेटे गुलाम ने गला दबाकर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रमेश यादव का कहना है कि शराब के नशे में मारपीट हुई थी। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं है। उनके बेेटे ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय का कहना है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मिल्कोपुर गांव में मारपीट के दौरान वृद्ध की मौत होई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।